चिट्ठाजगत www.hamarivani.com

गुरुवार, 14 अप्रैल 2022

माँ!

 माँ !


माँ 

एक भाव ,

एक चरित्र में समाया 

वो अहसास है 

जो उम्र , लिंग या रिश्ते का मुहताज़ नहीं होता ।

ये जन्म से नहीं ,

हृदय से जुड़ा हुआ 

वो भाव है , 

जो 

हर किसी को नहीं मिलता ।

जन्म देकर भी कोई माँ नहीं बन पाती है,

और कोई

बिना जन्म दिये माँ बनकर 

निर्जीव से शरीर में प्राण डाल देती है ।

वो बहन, भाई , या कोई अजनबी हो 

अगर ममता से भरा वह दिल

छूटी हुई डोर थाम कर 

प्राण फूँक देता है,

तो

ममत्व इस दुनिया में सबसे महान हैं 

और 

माँ तो

सबसे परे 

ईश्वर के समकक्ष रखी जाती है ।

रविवार, 13 मार्च 2022

किसको दूँ ?

 सोचती हूँ ,

जिंदगी किसके नाम करूँ,

वे जो अकेले है,

देख रहे है आशा से

कोई तो बाँट दे सुख-दूख उनका, 

कुछ पल उनको ही सौंप दूँ ।


काँप रहे हैं पाँव जिनके,

लड़खड़ा रही है छाँव जिनकी

थाम लूँ बाँह उनकी

मैं बन जाती हूँ ,

शेष जीवन का सहारा

मेरे सहारे चलो ।


बहुत है सम्पत्ति जिन पर

भरे है भंडार जिनके,

फौज है भीतर बाहर 

बस दो पल के मुहताज हैं,

बैठ कर पास उनके

दे सकूँ कुछ पल का साथ

बाँट लूँ  एकाकीपन का अहसास।


सुन लूँ उन्हें कुछ

आदेश जिनके दस्तावेज थे,

पत्ता खड़कने से पहले,

लेता था इजाजत उनकी,

अब 

असमर्थ होकर निराश्रित हो 

जी रहे खामोशी को,

कोई नहीं अब उनका,

देख ले उनकी तरफ अपनत्व से,

किसी को नहीं फुर्सत इतनी 

अपने सा समझ कर 

अपना बन जाऊँ।


मौन छा गया है,

छिन गई वाणी उनकी

पल भर उनके आँसुओं को पोंछ कर,

बेबसी के अंधेरे से

उबार ही लूँ तो कुछ बात बने।



रविवार, 31 अक्टूबर 2021

दीपावली !

 पाँच दिवस का पर्व मनायें 

मन से सबकी कुशल मनायें।


धन्वंतरि की पूजा करके हम

माँगें आरोग्य का अटल आशीष।

यम के नाम का दीप जलाकर

अकाल मृत्यु से बचें नवाओ शीष।


नरक चतुर्दशी पूजो माँ काली

समुद्र मंथन से प्राप्त विभूति हैं।

अपने मन की मिटाओ कलुषता 

सबको मन के प्यार से जीतो ।


दीपावली का पर्व सुखद सुहाना,

हर्ष,उल्लास और उत्साह भरा हो, 

जाना उस द्वार पर भी तुम आज, 

जहाँ गम के तिमिर ने डाला डेरा  हो।


अन्नकूट औ' गोवर्धन पूजा कर ,

सुख सम्पन्नता का सब माँगें वर ।

चलो निभायें ये परम्पराएँ हम ,

छप्पन भोग बना कर घर - घर।


भाई दूज की भी महिमा है भारी,

यमुना चली टीका लेकर यम द्वार।

चित्रगुप्त पूजन कर कलम उठायें

 पायें लक्ष्य करके हर बाधा पार।


   दीपावली सबको मंगलमय हो ।

शनिवार, 11 सितंबर 2021

आस लिए बैठे हैं !

 वक्त गुजरता जा रहा है तूफान की तरह तेजी से ,

हम पोटली थामे यादों की आज भी लिए बैठे हैं ।


दौड़ नहीं पाये संग संग उसके तो पीछे रह गये ,

थाम कर बीते दिन पुराने कलैण्डर से लिए बैठे  हैं ।


पाँव थक गये थे दौड़ना सिखाते सिखाते उनको ,

आयेंगे वो पलट कर साथ ले जाने आस लिए बैठे हैं।


हमारी तो ये धरोहर है जीवन की सुनहरे पलों की ,

आये तो जलाकर चल दिये हम राख लिए बैठे हैं ।


-- रेखा

निस्पृह बनो !

 मन स्थिर तो नहीं

लेकर दायित्वों का बोझ 

चलना तो धर्म कहा जाता है,

सोचते हैं कि चल आज की परिधि में,

समेट लें अपने को और चुपचाप चलो,

पर ये आज ही तो है , जिसकी सीमाएँ अतीत से भविष्य तक फैली रहती हैं।

फिर कैसे हो समाधान इसका ?

सीमित आज में हो,

न अतीत और न आनेवाला कल 

किसी पर हक नहीं तुम्हारा 

फिर क्यों आशा का दीप जलाये बैठा जाय ।

अपना तो एक सपना है,

कोई नहीं अपना एक पल भी नहीं,

फिर क्यों तृष्णा में फँसाए ये जीवन 

जीने के नये नये किरदारों की सोचें ।

शांत मन से कर्म कर 

जो पल मिले, जो आज मिले 

और जिओ जी भर कर 

मनुज बन कर ही रहना होगा

हर पल जीवन सच जीना होगा ।


शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2020

दीवार !

 दीवारें

खड़ी होती है ,

टूटती रहती हैं,

चाहे जितनी ऊँची क्यों न हो ?

जो बनी है वो नष्ट होगी ।

नाशवान तो मानव भी है ,

फिर भी 

मुट्ठी जैसे दिल में 

अगर खिंच जाती है दीवार तो

उस दिल से भी छोटी दीवार

बिना ईंट गारे के

अभेद्य, अटूट और अक्षुण्य होती है ।

तब दिल, दिमाग और जिस्म भी

शिला हो जाते है ।

किसी कर्म के अभिशाप से ,

यही कटु यथार्थ समझो ।

बुधवार, 28 अक्टूबर 2020

हमसफर !

 जिंदगी एक सफर है

जो जीवन भर

सतत

चलता ही रहता है ,

और

ख़त्म होने का नाम ही नहीं लेता है।

उसमें कितने सफर

होते हैं ?

कितने पड़ाव आते हैं ?

और कितने हमसफर मिलते हैं ?

कहीं ये गलत तो नहीं

हमसफर तो शायद एक ही होता है।

फिर क्या कहेंगे ?

सहयात्री - हमसफर

एक ही तो है

लेकिन

हमसफर जिंदगी भर साथ सफर करता है

और सहयात्री अपनी मंजिल के आते ही

चल देता है हाथ हिला कर।

अंतर क्या है ?

सिर्फ शब्दों का

और अर्थ बदल गए।

एक के जाने पर

सफर रुकता नहीं है

और एक के जाने से

सफर ही नहीं

जिंदगी भी कुछ दिनों के

थम सी जाती है।

अहसास को जीने की आदत

होने तक चारों और

वह हमसफर ही तो होता है।

सांस के एक रुक जाने से

जीवन भर का साथ

ऐसे मिट जाता है

जैसे

कभी साथ रहा ही न हो।