सतरंगी
ये दुनिया,
सुना और पढ़ा था।
बहुतों ने किया है वर्णन,
कई बार किया है श्रवण,
पर
जीवन में देखें जो रंग
वो रंग नहीं मिले।
पल में कहां औ' कैसे बदलें?
ये हमने ही देखे हैं।
रंग खून का लाल ही होता है,
भूल गये हम श्वेत कणों को,
पल भर में बदलते हमने देखा है।
रंग रिश्तों की गहराई की मिसाल थे,
अंतर नहीं समझा था,
दूरी नहीं नापी थी,
एक पल में
इतने रंग देखें कि मायने ही बदल गये।
चेहरे के रंग भी तो
बदलते हैं पर भर में
जीवन के रंग हर वक्त दिखते हैं
बस हम उनके नाम नहीं लिखते हैं।
-- रेखा श्रीवास्तव

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें